खरगोन। दिल्ली में विपक्षी नेताओं एवं आंदोलनरत युवाओं के साथ दिल्ली पुलिस द्वारा की गई कथित ज्यादती के विरोध में जिला कांग्रेस एवं एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को खरगोन में रैली निकाली। ओर जमकर नारे बाजी करते हुए रैली के बाद कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय पहुंचे और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले में निष्पक्ष जांच एवं दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए आंदोलन कर रहे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं युवाओं के साथ दिल्ली पुलिस द्वारा की जा रही कथित ज्यादती निंदनीय है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने तथा उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध लगाए जा रहे चुनावी अनियमितताओं के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। कांग्रेस ने कहा कि जांच पूरी होने तक आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जानी चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 8 अक्टूबर को काला दिवस के रूप में मनाते हुए राष्ट्रपति से दोनों मामलों में शीघ्र उचित कार्रवाई की मांग की।
रैली एवं ज्ञापन कार्यक्रम में शहर कांग्रेस कमेटी खरगोन, शहर कांग्रेस कमेटी खरगोन उत्तर, शहर कांग्रेस कमेटी खरगोन दक्षिण, जिला कांग्रेस तथा एनएसयूआई के कार्यकर्ता शामिल रहे।