देवास। जिला चिकित्सालय परिसर स्थित नर्सिंग कॉलेज में गुरुवार को टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा द्वारा वर्चुअली ‘जोश टीम’ और ‘खुशी एप’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव, सभापति रवि जैन, राजेश यादव,सीएमएचओ सरोजिनी जेम्स बैक,जिला छय अधिकारी अमरीन शेख सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, जिलेभर के पंचायत सरपंच एवं सीएचसी स्टाफ मौजूद रहे।
अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी ने बताया कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में लगातार बेहतर कार्य किया जा रहा है। जिले की 239 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पूरे जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए अभियान को और गति दी जाएगी।
भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव ने कहा कि केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा देशभर में टीबी मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। देवास जिले में भी कई ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त हुई हैं। उन्होंने अभियान से जुड़े सभी अधिकारी-कर्मचारियों और कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करते हुए देश को टीबी मुक्त बनाने का प्रयास जारी है।
सभापति रवि जैन ने कहा कि ‘जोश टीम’ के माध्यम से युवा शक्ति को अभियान से जोड़ा जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ अब युवा भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और टीबी मुक्त भारत के संकल्प को आगे बढ़ाएंगे।
जिला क्षय अधिकारी अमरीन शेख ने बताया कि ‘जोश टीम’ में कॉलेज के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है, जो टीबी मरीजों की साइको-सोशल काउंसलिंग में सहयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि देवास जिले की कुल 496 ग्राम पंचायतों में से 239 पंचायतें टीबी मुक्त हो चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि लॉन्च किया गया ‘खुशी एप’ टीबी मरीजों के लिए डिजिटल माध्यम से उपचार संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने में मदद करेगा। मरीज उपचार से जुड़े सवालों और आवश्यक जानकारी एप के माध्यम से प्राप्त कर सकेंगे।