पिपलियामंडी। संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पिपलियामंडी पुलिस ने सोलर पावर प्लांट से महंगी केबल चोरी करने और बर्तन गोदाम में सेंध लगाकर तांबे के बर्तन व अन्य सामान चुराने वाली कथित ‘पारदी गैंग’ का खुलासा किया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन विधि-विरुद्ध बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से करीब 6 लाख 50 हजार रुपए का मशरूका बरामद किया गया है। पूछताछ में पिपलियामंडी और वायडीनगर थाना क्षेत्रों की कुल सात चोरी की वारदातों का खुलासा होने का दावा किया गया है।
सोलर प्लांट से 3 लाख की केबल चोरी-
पुलिस के अनुसार 8 जुलाई 2026 को सोलर पावर प्लांट बोतलगंज के मैनेजर प्रफुल्ल मुजावदिया ने श्रीराम वेयर हाउस के पीछे स्थित सोलर ऊर्जा प्लांट से करीब 3 लाख रुपए कीमत की केबल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में पिपलियामंडी थाने पर अपराध क्रमांक 188/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
इसी तरह 7 अक्टूबर 2026 को पिपलियामंडी के फाटक मोहल्ला स्थित बर्तन गोदाम की दीवार तोड़कर करीब 2 लाख रुपए कीमत के पुराने तांबे के बर्तन और अन्य सामान चोरी होने की शिकायत मिली थी। इस मामले में अपराध क्रमांक 300/26, धारा 331(4), 305(a) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस-
दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। साइबर सेल मंदसौर की तकनीकी सहायता से जांच को आगे बढ़ाया गया। जांच के दौरान पुलिस ने महेंद्र सिंह पिता विनोद सिंह पारदी, उम्र 38 वर्ष, निवासी मालखेड़ा, थाना नीमच सिटी तथा गोलू पिता गोविंद पारदी, उम्र 24 वर्ष, निवासी सुवासरा, थाना सुवासरा को गिरफ्तार किया। वहीं तीन विधि-विरुद्ध बालकों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
6.50 लाख रुपए का मशरूका बरामद-
पुलिस के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर सोलर प्लांट से चोरी की गई करीब 3 लाख रुपए कीमत की केबल को जलाकर निकाला गया लगभग 18 किलो तांबा बरामद किया गया। इसके अलावा बर्तन गोदाम से चोरी किए गए करीब 2 लाख रुपए कीमत के पुराने तांबे के बर्तन व अन्य सामान भी बरामद किए गए।
घटनाओं में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलें- बजाज पल्सर, हीरो एचएफ डीलक्स और हीरो स्प्लेंडर प्लस—भी जब्त की गई हैं। पुलिस के अनुसार कुल करीब 6 लाख 50 हजार रुपए का मशरूका बरामद किया गया है।
पिपलियामंडी और वायडीनगर की 7 वारदातों का खुलासा-
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने पिपलियामंडी थाना क्षेत्र की तीन और वायडीनगर थाना क्षेत्र की चार, कुल सात चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है। आरोपियों ने सोलर प्लांट से केबल चोरी की घटनाओं को भी अंजाम देना बताया है। चोरी किए गए तांबे और अन्य धातु के सामान को नीमच-मंदसौर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर बेचने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इस संबंध में आगे जांच कर रही है।
दिन में रेकी, रात में चोरी-
पुलिस के अनुसार आरोपी दिन के समय मोटरसाइकिल से घूमकर सोलर पावर प्लांट, सुनसान मकान, गोदाम और दुकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात में मौका देखकर सोलर प्लांट की केबल, तांबे के तार, बर्तन और अन्य कीमती धातु का सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस का कहना है कि चोरी की गई केबल और धातु के सामान को जलाकर तांबा अलग किया जाता था और बाद में उसे बेच दिया जाता था।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका-
कार्रवाई पिपलियामंडी थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने के नेतृत्व में की गई। टीम में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नितेश डामोर, उपनिरीक्षक जया भारद्वाज सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। साइबर सेल मंदसौर की टीम ने भी तकनीकी जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में बढ़ते संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाना और चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों का पता लगाना था। मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है।