चित्तौड़गढ़। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय निंबाहेड़ा सेवा केंद्र पर भारतीय संस्कृति की परंपरा के अनुसार पितृ पक्ष के अवसर पर पूर्वजों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान परमपिता परमात्मा शिव बाबा को भोग अर्पित कर पूर्वजों की स्मृति में सुख-शांति की कामना की गई।
सेवा केंद्र प्रभारी बीके शिवली दीदी ने कहा कि परमपिता परमात्मा शिव बाबा सभी आत्माओं के पिता हैं। उन्हें याद कर हम अपने दिवंगत परिजनों को सच्ची श्रद्धा अर्पित कर सकते हैं और उनके प्रति सकारात्मक भाव एवं शांति के वाइब्रेशन अनुभव कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान आरके कॉलोनी की नवनिर्वाचित नगर परिषद पार्षद वर्षा कृपलानी एवं प्रेम बाहेती का सेवा केंद्र पर सम्मान किया गया। शिवली दीदी ने कहा कि पूर्वजों को सच्ची श्रद्धांजलि देने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया जाना चाहिए। इसी भावना के साथ सेवा केंद्र परिसर में वृक्षारोपण किया गया।
वहीं, ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत पार्षद वर्षा कृपलानी ने उपस्थित भाई-बहनों को नशा मुक्त रहने की प्रतिज्ञा दिलाई। प्रेमजी भाई ने नशा मुक्ति के नारे लगवाकर उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में समाजसेवी शिवलाल बराड़िया सहित अन्य लोगों ने भी वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण एवं नशा मुक्ति का संदेश दिया।