नीमच। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, नीमच द्वारा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, नीमच में विद्यार्थियों के लिए विशेष सीपीआर प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। विद्यालय की प्रार्थना सभा के दौरान आयोजित सत्र में विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने में सहायक कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) का व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं डेमो दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को अचानक हृदय गति रुकने जैसी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के तरीके बताए गए। साथ ही प्राथमिक चिकित्सा के महत्व और आपात स्थिति में त्वरित सहायता देने की जानकारी भी दी गई।
इस प्रशिक्षण सत्र में करीब 1500 विद्यार्थी और 32 शिक्षक शामिल हुए। विद्यार्थियों को बताया गया कि आपातकालीन स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं और सही तरीके से दी गई प्राथमिक सहायता किसी व्यक्ति की जान बचाने में मददगार साबित हो सकती है।
इस अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों ने मानव सेवा, सहयोग और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने की सामूहिक प्रतिज्ञा भी ली।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी सहायता प्रदान करने के लिए जागरूक एवं सक्षम बनाना रहा।