गरोठ। नगर परिषद गरोठ में विभिन्न मांगों को लेकर पिछले चार दिनों से चल रहा सफाई कर्मचारियों का धरना-प्रदर्शन एवं हड़ताल गुरुवार को समाप्त हो गया। नगर परिषद अध्यक्ष राजेश सेठिया और सभापति सतीश गुजराती धरना स्थल पहुंचे और कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। चर्चा के दौरान स्थानीय स्तर की मांगों के निराकरण को लेकर सहमति बनी, जबकि प्रदेश स्तर से जुड़ी मांगों को शासन तक भेजने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की। हड़ताल खत्म होने से नगर की सफाई व्यवस्था फिर सुचारू होने की उम्मीद है। कर्मचारियों ने “म्हारो गरोठ-सुंदर गरोठ” की शपथ दोहराते हुए नगर की स्वच्छता और सौंदर्य बनाए रखने का संकल्प लिया। अध्यक्ष सेठिया ने कहा कि संवाद और आपसी सहमति से समस्याओं का समाधान करना प्राथमिकता है।