नीमच। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से 12 अक्टूबर 2026 को यूथ एंड इनोवेशन कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा। कॉन्क्लेव होटल सनराइज ग्रैंड, नीमच में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में युवाओं को उद्यमिता एवं कौशल विकास, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं तथा उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी जाएगी। उच्च शिक्षित एवं रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को विभिन्न अवसरों से जोड़ने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
कॉन्क्लेव में स्थानीय औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि उद्योगों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों, आवश्यक योग्यताओं एवं अपने अनुभव साझा करेंगे। साथ ही युवाओं को जिले के औद्योगिक परिदृश्य, नए उद्यम स्थापित करने एवं मौजूदा व्यवसायों के विस्तार की संभावनाओं तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के माध्यम से मिलने वाले सहयोग की जानकारी दी जाएगी।
कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, डेयरी सहित अन्य क्षेत्रों में उपलब्ध संसाधनों तथा उनके प्रसंस्करण की संभावनाओं पर भी संवाद होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों और अवसरों की जानकारी देकर उन्हें उद्यमिता एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे पंजीयन से होगी। दोपहर 12 बजे उद्योग प्रतिनिधियों के साथ संवाद होगा। इसके बाद दोपहर 12.30 से 2 बजे तक युवाओं को विभिन्न अवसरों एवं योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके पश्चात लंच के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
कॉन्क्लेव का उद्देश्य युवाओं को जानकारी से अवसर, अवसर से उद्यम और उद्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है।