नीमच। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) नीमच शाखा के आगामी सत्र 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। आईएमए परिवार ने पिछली कार्यकारिणी के कार्यों की सराहना करते हुए डॉ. मनीष चामड़िया को पुनः अध्यक्ष, डॉ. आदित्य भंडारी को सचिव तथा डॉ. जेसी वर्मा को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी।
सर्वसम्मति से लिया निर्णय-
चुनाव अधिकारी डॉ. किशोर नरूला ने बताया कि पिछले कार्यकाल में आईएमए नीमच शाखा द्वारा चिकित्सा, सामाजिक एवं खेल गतिविधियों के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए गए। सदस्यों ने बीते वर्ष आयोजित मेडिकल सेमिनार, सामाजिक सरोकार से जुड़े प्रकल्प, खेल प्रतियोगिताओं, जनसेवा एवं स्वास्थ्य शिविरों की सराहना की। इसके बाद सर्वसम्मति से तीनों पदाधिकारियों को सत्र 2026-27 के लिए पुनः जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया गया।
सेवा और संगठन को आगे बढ़ाने का संकल्प-
पुनः जिम्मेदारी मिलने पर अध्यक्ष डॉ. मनीष चामड़िया, सचिव डॉ. आदित्य भंडारी एवं कोषाध्यक्ष डॉ. जेसी वर्मा ने आईएमए नीमच के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आगामी सत्र में चिकित्सकों के हितों की रक्षा के साथ चिकित्सा क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों एवं उपचार पद्धतियों पर सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। साथ ही आमजन के लिए स्वास्थ्य सेवा एवं जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियों को भी निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर शहर के वरिष्ठ चिकित्सकों एवं आईएमए सदस्यों ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।