नीमच। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम से केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने ‘जOSH (JOSH) टीबी मुक्त भारत’ टीम का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य टीबी उन्मूलन अभियान में युवाओं, एनसीसी, एनएसएस और माय भारत के स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाना है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण नीमच के अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह, टाउन हॉल में किया गया।
इस अवसर पर वर्ष 2025 में टीबी मुक्त घोषित हुई जिले की 66 ग्राम पंचायतों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इनमें लगातार तीन वर्ष तक टीबी मुक्त रहने वाली 3 ग्राम पंचायतों को स्वर्ण, लगातार दो वर्ष टीबी मुक्त रहने वाली 12 ग्राम पंचायतों को सिल्वर तथा 51 ग्राम पंचायतों को ब्रॉन्ज श्रेणी का प्रमाण-पत्र दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान 100 दिवसीय निक्षय शिविर अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशस्ति-पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार सहित जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, निक्षय टीबी टीम तथा एनसीसी-एनएसएस के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
विधायक दिलीप सिंह परिहार ने जिलेवासियों से अपील की कि दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी रहने पर लापरवाही न बरतें और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर टीबी की जांच कराएं। उन्होंने टीबी उन्मूलन के लिए जनभागीदारी को आवश्यक बताया।
जिला क्षय अधिकारी डॉ. जुनेद खान ने जिले में टीबी उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों, अब तक की उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने टीबी की समय पर पहचान, जांच और उपचार के लिए लोगों से स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करने का आह्वान किया।