जावरा। शहर में चर्चित पति-पत्नी और वो से जुड़े मामले में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के कैप्शन को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। वीडियो के कैप्शन में सनातन धर्म को निशाना बनाते हुए अपमानजनक टिप्पणी किए जाने के आरोप के बाद गुरुवार को हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से वीडियो वायरल करने वाले सोशल मीडिया आईडी संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की।
हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों का आरोप है कि होटल में पति-पत्नी और वो से संबंधित घटनाक्रम के वीडियो के कैप्शन में सनातन धर्म को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी लिखकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। इससे हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। प्रतिनिधियों ने कहा कि इस मामले में पुलिस ने संबंधित सोशल मीडिया आईडी संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है, लेकिन अभी तक आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई नहीं की गई है और न ही आरोपी की गिरफ्तारी हुई है।
आज दोपहर 12 बजे तक का अल्टीमेटम
हिंदू संगठनों ने पुलिस को चेतावनी दी है कि 9 अक्टूबर यानी आज दोपहर 12 बजे तक आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसकी गिरफ्तारी नहीं की गई, तो भीमाखेड़ी फोरलेन चौराहे पर चक्काजाम किया जाएगा। संगठनों ने कहा कि निर्धारित समय तक कार्रवाई नहीं होने पर होने वाले प्रदर्शन की जिम्मेदारी पुलिस और प्रशासन की होगी।
पुलिस बोली-जांच जारी है
इस मामले में जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी सुमित मिश्रा ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जा रही है। विधिक राय लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला जांच में है।