छतरपुर। जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एक निजी यात्री बस से भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नमन बस सर्विस की एक यात्री बस लवकुश नगर से सवारी लेकर सतना की ओर जा रही थी। इसी दौरान लवकुश नगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बस में संदिग्ध और अवैध सामग्री ले जाई जा रही है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए थाना क्षेत्र के अंतर्गत घेराबंदी की और बस को रोककर सघन तलाशी ली।
यात्रियों में मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
तलाशी के दौरान बस के भीतर से अवैध विस्फोटक सामग्री (बारूद/विस्फोटक पदार्थ) का पार्सल बरामद किया गया। बस में अवैध विस्फोटक मिलने की खबर से यात्रियों में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विस्फोटक सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया है और बस के स्टाफ व संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है। यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे कहाँ ले जाया जा रहा था, पुलिस इस बिंदु पर सघन जांच कर रही है।