दतिया। प्रभारी सहायक यंत्री भूपेंद्र कुमार राजपूत के साथ 15 सितंबर को लूट और हत्या के प्रयास का मामला सामने आया था। इसी मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर गुरुवार को पिछोर विधायक प्रीतम लोधी एसपी कार्यालय पहुंचे। उनके साथ समाज के लोग और ग्रामीण भी थे। उन्होंने एसपी मयूर खंडेलवाल को ज्ञापन सौंपा। इसमें मामले में नामजद आरोपियों को जिले में चल रहे निर्माण कार्यों से हटाने और ब्लैकलिस्ट करने की मांग की गई है।
ओबीसी महासभा की ओर से दिए गए ज्ञापन में पांच लोगों के नाम होने का दावा किया गया है। इनमें गौरव धाकड़, भूपेंद्र धाकड़, लक्ष्मण धाकड़, पदम सिंह धाकड़ और अरविंद धाकड़ शामिल हैं। संगठन का दावा है कि ये ठेकेदार जिले में कई शासकीय निर्माण कार्यों से जुड़े हैं।
ज्ञापन में इन ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की गई है। साथ ही उनके निर्माण कार्य निरस्त करने की भी मांग रखी गई है। संगठन ने धारा सिंह धाकड़ के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में उन्हें मध्यप्रदेश पुलिस आवास ग्वालियर क्रमांक-1 में उपयंत्री बताया गया है। उन्हें सेवा से पृथक करने की मांग भी की गई है।
संगठन ने कहा है कि आरोपियों की भूमिका की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। प्रतिनिधिमंडल ने एसपी मयूर खंडेलवाल को भी ज्ञापन सौंपा। इसमें पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की गई।