देवास। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत अमलतास मेडिकल कॉलेज में दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण वितरित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव, महामंत्री राजेश यादव और अभियान प्रभारी मनीष जैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने मूक-बधिर, दृष्टिहीन एवं अस्थिबाधित बच्चों को कान की मशीन, ब्रेन किट और बैसाखी सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए।
इस दौरान सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने बच्चों के साथ कैरम, चेस और लूडो खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने वाली इस पहल ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। विशेष विद्यालय के बच्चों ने नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
सांसद सोलंकी ने प्रतिभाशाली बच्चों को 1,000-1,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों की सेवा करना एक ईश्वरीय कार्य है। ऐसे बच्चों को प्रोत्साहित करना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में अमलतास ग्रुप के चेयरमैन मयंक राज सिंह भदौरिया, डीन डॉ. ए.के. पीठवा सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।