सरवानिया महाराज। क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती से आमजन की परेशानी बढ़ गई है। मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सरवानिया महाराज सबग्रिड क्षेत्र में दिन हो या रात, कभी भी बिजली गुल हो जाने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। किसानों के लिए रबी सीजन की फसलों की तैयारी का समय है, वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई और छोटे कारोबारियों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। बिना पूर्व सूचना के होने वाली कटौती से उपभोक्ताओं में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, बिजली कटौती का कोई निश्चित समय नहीं होने से घरेलू और व्यावसायिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। लोगों का कहना है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से जहां रोजमर्रा के कामकाज में दिक्कत आती है, वहीं रात के समय कटौती होने पर आराम और पढ़ाई भी प्रभावित होती है।
किसानों और विद्यार्थियों की बढ़ी परेशानी-
रबी सीजन की फसलों की बोवनी और खेतों से जुड़े कामों की तैयारी के बीच बिजली कटौती किसानों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। वहीं, विद्यार्थियों को विशेषकर रात के समय बिजली गुल होने पर पढ़ाई करने में कठिनाई होती है। अचानक बिजली बंद होने से घरेलू कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।
गृहणियों और कारोबारियों पर भी असर-
बिजली की अनियमित आपूर्ति से गृहणियों को खाना बनाने, पानी की व्यवस्था करने और अन्य घरेलू काम निपटाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, बिजली पर निर्भर छोटे दुकानदारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली बंद होने का समय तय नहीं होने से वे अपने कामों की योजना भी नहीं बना पाते।
कटौती की पूर्व सूचना देने की मांग-
क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि घरेलू बिजली की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। यदि तकनीकी खराबी, रखरखाव या लोड शेडिंग के कारण बिजली बंद करना जरूरी हो, तो उपभोक्ताओं को इसकी सूचना पहले से दी जाए। अचानक होने वाली कटौती की स्थिति में भी बिजली बंद रहने की संभावित अवधि की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
जेई बोले- वरिष्ठ अधिकारियों से करेंगे चर्चा
इस संबंध में कनिष्ठ अभियंता शशिकांत मीणा ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में लोड शेडिंग के कारण बिजली कटौती हो रही है। उन्होंने कहा कि बिजली बंद करने और चालू करने से संबंधित संदेश जिले स्तर से जारी होते हैं, जो कई बार कटौती से दो-चार मिनट पहले ही प्राप्त होते हैं। मीणा ने कहा कि वे वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर प्रयास करेंगे कि बिजली बंद होने की सूचना उपभोक्ताओं तक पहले पहुंच सके, ताकि लोगों को परेशानी का सामना कम करना पड़े।