शिवपुरी। आगामी दिनों में नवरात्रि पर्व प्रारंभ होने जा रहा है। इसे लेकर शहर में जगह-जगह मां दुर्गा के पंडाल सजाए जाएंगे और गरबा कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में गरबा कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे कुछ युवक-युवतियों द्वारा अतिउत्साह में यातायात नियमों की अनदेखी करने का मामला सामने आया है।
दरअसल, कुछ युवक-युवतियों ने चलती कारों के ऊपर बैठी युवतियों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। वीडियो में यातायात नियमों का उल्लंघन होता दिखाई देने पर यातायात प्रभारी रणवीर यादव ने मामले को संज्ञान में लिया और वीडियो में दिखाई दे रही सभी कारों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की।
इसके साथ ही संबंधित लोगों को भविष्य में इस तरह की लापरवाही न करने की हिदायत भी दी गई। यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। त्योहारों की खुशियों के बीच सड़क सुरक्षा का ध्यान रखना भी बेहद आवश्यक है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।