छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में केन-बेतवा लिंक परियोजना के तहत ढौढ़न बांध निर्माण स्थल पर गुरुवार रात बड़ा हादसा हो गया। काम खत्म कर लौट रहे मजदूरों से भरी बस के ब्रेक फेल हो गए। बस को अनियंत्रित होता देख घबराए मजदूर चलती बस से कूदने लगे, जिससे कई मजदूर घायल हो गए। हादसे में संजय शर्मा (45) की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि अन्य मजदूर घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 8 बजे मजदूर काम खत्म करने के बाद नफीस कंपनी की बताई जा रही बस में सवार हुए थे। इसी दौरान बस के ब्रेक फेल हो गए और बस अनियंत्रित होने लगी। अपनी जान खतरे में देख मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर चलती बस से कूद पड़े। बताया गया कि चालक ने गियर की मदद से बस को नियंत्रित कर आगे रोक लिया।
हादसे की सूचना मिलते ही बांध निर्माण स्थल पर मौजूद अधिकारियों ने घायलों को दूसरी बसों से जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां उपचार के दौरान संजय शर्मा ने दम तोड़ दिया। घायलों में रमाकांत ठाकुर, वकील चौहान, सुरेंद्र प्रसाद, कृष्णा सिंह, ओमप्रकाश यादव, प्रमोद गौड़, श्याम सुंदर, मुन्नीलाल, समी निषाद, अरविंद, रमेश, विलास्टर, राहुल सिंह और दीपू सहित अन्य मजदूरों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
10 घायलों का इलाज जारी, पांच को छुट्टी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि पांच मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा और उन्हें लाने-ले जाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों की स्थिति को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।