खरगोन। जिले की ग्राम पंचायत ऊन में पेयजल व्यवस्था को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दो युवकों ने सरपंच पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में सरपंच मुकेश हीरालाल मंडलोई गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी दिनेश सोलंकी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 4 बजे सरपंच मुकेश मंडलोई पंचायत भवन में बैठे थे। इसी दौरान गांव के हर्ष पाटीदार और गोपाल वर्मा पंचायत परिसर पहुंचे। यहां पेयजल व्यवस्था को लेकर सरपंच और दोनों युवकों के बीच कहासुनी हो गई।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर आवेश में आए हर्ष और गोपाल ने सरपंच के पेट पर चाकू से वार कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस सरपंच के बयान के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।