नीमच। शहर के वार्ड नंबर 3 और 4 में बदहाल सड़क और गड्ढों की समस्या को लेकर शुक्रवार को रहवासियों का आक्रोश सामने आया। सड़क निर्माण की मांग को लेकर लोगों ने सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान रहवासियों ने नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा और विधायक पर नाराजगी जताते हुए समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की।
रहवासियों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक न तो सड़क का निर्माण हुआ और न ही गड्ढों की समस्या दूर की गई। लंबे समय से परेशानी झेल रहे लोगों ने नाराजगी जाहिर करते हुए नारा दिया- ‘सड़क नहीं तो वोट नहीं!’
दोपहर करीब 1 बजे शुरू हुआ धरना लगभग 2 बजे तक चला। सूचना मिलने पर नगरपालिका के अधिकारी मौके पर पहुंचे और रहवासियों को समझाइश दी, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
रहवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। अब देखना होगा कि संबंधित जिम्मेदार इस समस्या के समाधान के लिए कब तक ठोस कदम उठाते हैं।