देवास। देवास पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत के निर्देश पर कोतवाली थाना और औद्योगिक थाना पुलिस ने ने चार अलग-अलग कार्रवाइयों में करीब 100 ग्राम MD ड्रग्स, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपए बताई गई है, एक देशी कट्टा और एक कारतूस जब्त किया है। मामले का खुलासा एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह वर्धमान ने किया।
4 अक्टूबर को कोतवाली पुलिस ने अंबेडकर नगर रेलवे क्रॉसिंग से इमरान पठान और रेहान मंसूरी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 34.78 ग्राम MD ड्रग्स जब्त की। वहीं, होमगार्ड लाइन क्षेत्र से स्वयं उर्फ विशु पुजारी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 17 ग्राम MD ड्रग्स, एक देशी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया गया।
6 अक्टूबर को औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने टुमनी ओवरब्रिज से राजकुमार गांगुली और नागदा रोड से राजेश मालवीय को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से MD ड्रग्स जब्त की।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में इमरान पठान, रेहान मंसूरी, स्वयं पुजारी, युसुफ खान, नजर कुरैशी, साहील, शाहरुख, राजकुमार गांगुली और राजेश मालवीय शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
देवास पुलिस ने आमजन से नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि नशे की बिक्री या तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल डायल 112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।