खरगोन। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के तत्वावधान में बीएसपी इंदौर जोन, मध्यप्रदेश द्वारा शुक्रवार को बहुजन आंदोलन के प्रमुख नेता एवं पार्टी संस्थापक मान्यवर कांशीराम जी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम एवं विचार संगोष्ठी आयोजित की गई। टीआईटी कॉम्प्लेक्स के सामने सुबह 11 बजे आयोजित कार्यक्रम में जिलेभर से पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम में कांशीराम जी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान बहुजन समाज के उत्थान, सामाजिक समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए उनके संघर्ष एवं योगदान को याद किया गया। साथ ही उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक परिवर्तन के अभियान को आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श हुआ।
बहुजन समाज को जागरूक और संगठित करने पर जोर
बसपा के जोन प्रभारी एडवोकेट कमलेश कुमार ने कहा कि मान्यवर कांशीराम जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और पीड़ित, शोषित एवं वंचित वर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि कांशीराम जी ने बहुजन समाज को जागरूक होने, संगठित रहने और सामाजिक परिवर्तन के लिए संघर्ष करने का संदेश दिया था।
एडवोकेट कमलेश कुमार ने आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्गों के हितों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि समाज में समानता और अधिकार सुनिश्चित करने के लिए बहुजन समाज का जागरूक, संगठित और राजनीतिक रूप से सशक्त होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांशीराम जी के विचार आज भी सामाजिक न्याय, समानता और सम्मान के लिए संघर्ष करने वालों को प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कांशीराम जी के विचारों को आत्मसात करने, बहुजन समाज के हितों के लिए संघर्ष जारी रखने और सामाजिक परिवर्तन का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया।