देवास। शारदीय नवरात्रि पर्व को लेकर देवास जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पर्व के दौरान मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी टेकरी पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल और सुगम दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ अधिकारियों ने टेकरी का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर ऋतुराज सिंह, एसपी पुनीत गेहलोत और निगम आयुक्त दलीप कुमार सहित जिला प्रशासन के विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने टेकरी पर चल रही तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान अधिकारियों ने कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था का जायजा लिया। नवरात्रि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और अधिक भीड़ वाले क्षेत्रों में बेहतर प्रबंधन को लेकर चर्चा की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूरे पर्व के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहें।
प्रशासन का प्रयास है कि शारदीय नवरात्रि के दौरान मां टेकरी पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण, सुगम आवागमन और व्यवस्थित दर्शन की सुविधा मिल सके। इसके लिए सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी और भीड़ प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।