नीमच। ग्राम भाटखेड़ी निवासी 11 वर्षीय बालक धर्मपाल की उपचार के दौरान हुई मृत्यु के मामले में संबंधित डॉक्टर के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार मृतक के पिता के कथनों, मेडिकल रिपोर्ट और शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 को तबीयत बिगड़ने पर परिजन बालक धर्मपाल को उपचार के लिए मनासा स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। मृतक के पिता मंगल की शिकायत के अनुसार, उपचार के दौरान बालक की तबीयत और अधिक बिगड़ गई। आरोप है कि परिजनों द्वारा बालक को अन्यत्र ले जाने की बात कहने के बावजूद डॉक्टर ने उसे इंजेक्शन लगाए। इसके बाद बालक की मृत्यु हो गई।
मामले में प्राप्त मेडिकल रिपोर्ट, शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक के पिता के बयानों के आधार पर डॉक्टर सुनील पाटीदार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 106(1) तथा आयुर्विज्ञान विज्ञान अधिनियम, 1987 की धारा 24 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। जिला प्रशासन के अनुसार, मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।