नीमच। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत नागरिकों की समस्याओं का निराकरण करने और पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 10 अक्टूबर को विकासखंड मनासा की ग्राम पंचायत भाटखेड़ी में शिविर आयोजित किया जाएगा।
शिविर में भाटखेड़ी सहित 16 ग्राम पंचायतों के नागरिक अपनी समस्याओं, शिकायतों और शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। इनमें भाटखेड़ी, अल्हेड़, बरड़िया जागीर, पिपल्यारावजी, उचेड, बावड़ा, सांडिया, जालिनेर, बालागंज, भाटखेड़ी बुजुर्ग, पड़दा, रावतपुरा, जमुनियारावजी, मालखेड़ा, भेरपुरा और दांतोली ग्राम पंचायतें शामिल हैं।
अधिकारी सुनेंगे नागरिकों की समस्याएं-
शिविर में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव सहित जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। अधिकारी नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे। प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रकरणों के निराकरण की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।
नागरिकों से शिविर में पहुंचने की अपील-
जिला प्रशासन ने संबंधित ग्राम पंचायतों के नागरिकों से अपील की है कि वे 10 अक्टूबर को ग्राम पंचायत भाटखेड़ी में आयोजित शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें और मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का लाभ उठाएं।