मनासा। शासकीय रामचंद्र विश्वनाथ महाविद्यालय मनासा के बीए द्वितीय वर्ष के छात्र आसिफ अली ने भारोत्तोलन (वेटलिफ्टिंग) प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए संभाग में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय सहित मनासा नगर का नाम गौरवान्वित हुआ है।
9 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को पीएम श्री शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंदसौर में संभाग स्तरीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें संभाग के सात जिलों के विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के 65 किलोग्राम भार वर्ग में आसिफ अली ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक जीता।
अब गुजरात में करेंगे प्रतिभा का प्रदर्शन
संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार सफलता के बाद आसिफ अली का चयन गुजरात के मेहसाणा में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में सहभागिता के लिए हुआ है। अब वे राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आसिफ की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल जैन एवं क्रीड़ा अधिकारी डॉ. जगदीश विजयवर्गीय ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी डॉ. आशीष द्विवेदी ने प्रदान की।