महागढ़/मनासा। प्रदेश में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बच्चों एवं महिलाओं के विरुद्ध लैंगिक हिंसा की रोकथाम, बाल विवाह, साइबर अपराध और पॉक्सो एक्ट-2012 के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जन साहस संस्था द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महागढ़ में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम एसबीआई फाउंडेशन और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के सहयोग से हुआ। इसकी शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई।
कार्यक्रम में संस्था के सदस्यों एवं परामर्शदाता ने विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा, अधिकारों और विभिन्न सामाजिक चुनौतियों के बारे में जानकारी दी। संस्था सदस्य समीर मंसूरी ने बाल श्रम, बाल अधिकार और बाल विवाह से संबंधित विषयों पर जागरूक किया। परामर्शदाता अनीता दुर्गज ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि संस्था सदस्य आशुतोष कछावा ने साइबर सुरक्षा और ऑनलाइन अपराधों से बचाव के उपाय बताए।
सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श की दी जानकारी-
संस्था के जिला समन्वयक जितेंद्र कुमार सुनार्तिया ने विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श, बाल लैंगिक शोषण की रोकथाम और पॉक्सो एक्ट-2012 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श के बीच अंतर समझना जरूरी है, ताकि वे किसी भी अनुचित व्यवहार को पहचानकर समय पर सहायता ले सकें।
उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि किसी भी प्रकार के असुरक्षित स्पर्श या दुर्व्यवहार की स्थिति में चुप नहीं रहना चाहिए। ऐसी परिस्थिति में जोर से आवाज लगाकर मदद मांगें, तत्काल सुरक्षित स्थान पर जाएं और किसी भरोसेमंद व्यक्ति को घटना की जानकारी दें। यदि कोई उनकी बात नहीं सुनता है, तो किसी अन्य विश्वसनीय व्यक्ति या संबंधित सहायता सेवा से संपर्क करें।
विद्यार्थियों को आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना देने की जानकारी भी दी गई। साथ ही बताया गया कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेना और समय पर सहायता उपलब्ध कराना आवश्यक है।
विद्यार्थियों को शिक्षण किट, विद्यालय को खेल सामग्री भेंट-
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को शिक्षण सामग्री वितरित की गई। विद्यालय प्रबंधन को खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए बैडमिंटन किट भी प्रदान की गई। इसके साथ ही पिछले शैक्षणिक सत्र में अपनी-अपनी कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया और उन्हें शिक्षण किट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य अलका पुरोहित, शिक्षिका कविता पाटीदार, ओमप्रकाश पाटीदार, पीरू शाह तथा जन साहस संस्था के जिला समन्वयक जितेंद्र कुमार सुनार्तिया, परामर्शदाता अनीता दुर्गज, संस्था सदस्य समीर मंसूरी और आशुतोष कछावा सहित विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन समीर मंसूरी ने किया, जबकि कविता पाटीदार ने सभी उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।