नीमच। धनेरिया कलां सहित वार्ड क्रमांक 3 के ग्रामीण क्षेत्रों में बिना पूर्व सूचना बार-बार बिजली कटौती से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। समस्या को लेकर जनपद सदस्य कांता हरीश अहीर ने विद्युत विभाग के अधीक्षण यंत्री को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान और नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि अचानक बिजली बंद होने से पेयजल व्यवस्था, घरेलू कामकाज, किसानों के कृषि कार्य और छोटे व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं। जनपद सदस्य ने मांग की कि विद्युत लाइनों के रखरखाव या मरम्मत के लिए बिजली बंद करना आवश्यक हो, तो संबंधित गांवों के लोगों को पहले से सूचना दी जाए। साथ ही, बिना सूचना बार-बार होने वाली कटौती पर रोक लगाकर विद्युत आपूर्ति सुचारु रखी जाए।
कांता हरीश अहीर ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र निराकरण नहीं हुआ, तो ग्रामीण विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जनहित में जल्द कार्रवाई करने की मांग की।