मनासा। मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान परिषद के आगामी शिविर की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को मनासा एसडीएम ने भाटखेड़ी ग्राम पंचायत का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत भवन, परिसर और आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान भवन की साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण और शिविर की तैयारियों की समीक्षा की गई। इसके बाद एसडीएम ने पंचायत भवन में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों एवं पंचायत कर्मियों के साथ बैठक की। बैठक में शिविर के आयोजन, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर के दौरान सभी संबंधित विभाग अपने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी दें। साथ ही, पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण शिविर से लाभान्वित हो सकें।