मल्हारगढ़। क्षेत्र में लगातार हो रही रात्रिकालीन बिजली कटौती के विरोध में मल्हारगढ़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश कांग्रेस सचिव एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी परशुराम सिसोदिया के नेतृत्व में विद्युत विभाग के डीई श्री उइके से मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने बिजली कटौती पर नाराजगी जताते हुए इसे तत्काल बंद करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस आमजन के हित में उग्र आंदोलन करेगी।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि रात के समय बिजली कटौती से आम नागरिकों, किसानों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अनियमित बिजली आपूर्ति से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है, वहीं किसानों को भी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।
प्रदेश कांग्रेस सचिव परशुराम सिसोदिया ने कहा कि बिजली आमजन की मूलभूत आवश्यकता है और विभाग की जिम्मेदारी है कि लोगों को नियमित एवं निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने विभाग से जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजेश मालेचा ने कहा कि कांग्रेस जनता की समस्याओं को लेकर चुप नहीं बैठेगी। यदि रात्रिकालीन बिजली कटौती बंद नहीं हुई और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आंदोलन करेगी। प्रतिनिधिमंडल ने विभागीय अधिकारी से क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कर आमजन को राहत देने की मांग की।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस सचिव एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी परशुराम सिसोदिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजेश मालेचा, ब्लॉक कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष हाजी माजिद पठान, पिपलिया मंडी नगर कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उनियारा, पार्षद दिलीप तिवारी, कांग्रेस नेता गोपाल भारती और मंडलम अध्यक्ष गणेशराम परिहार सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।