चित्तौड़गढ़। भगवान श्री महाराजा अग्रसेन के आदर्शों, सेवा भावना और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से श्री अग्रसेन जन्मोत्सव समिति की ओर से सात दिवसीय अग्रसेन जयंती महोत्सव मनाया जा रहा है। महोत्सव के तहत शनिवार को गांधीनगर स्थित गौशाला में गो-पूजन एवं गो-सेवा का आयोजन किया गया। समाजबंधुओं ने गौमाता का पूजन कर उन्हें चारा और गुड़ की लापसी खिलाई। इस दौरान सेवा, करुणा और जीवमात्र के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया गया।
रविवार को होंगे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन
समिति के अनुसार, रविवार 11 अक्टूबर को अग्रसेन जयंती के अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुबह 11 बजे हवन-पूजन, आरती और ध्वजारोहण होगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
अग्रवाल पंचायत भवन से शुरू होगी शोभायात्रा
शोभायात्रा अग्रवाल पंचायत भवन, उपरला पाड़ा से प्रारंभ होकर गांधी चौक होते हुए सांवलिया विश्रांति गृह, किला रोड तक पहुंचेगी। शोभायात्रा के माध्यम से भगवान श्री महाराजा अग्रसेन के आदर्शों, सामाजिक एकता और समरसता का संदेश दिया जाएगा।
पारितोषिक वितरण के बाद होगा स्नेहभोज
रविवार शाम 6 बजे गांधीनगर स्थित अग्रसेन मांगलिक भवन में पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित होगा। इसके बाद रात 8 बजे से स्नेहभोज रखा गया है। श्री अग्रसेन जन्मोत्सव समिति ने सभी अग्रवंश बंधुओं से महोत्सव के कार्यक्रमों में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।