खरगोन। जिले के कसरावद क्षेत्र के ग्राम खलबुजुर्ग स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि विद्यालय में दर्ज 69 बच्चों से पढ़ाई के बजाय झाड़ू लगवाई जा रही है और पानी भरने का काम कराया जा रहा है। वहीं, स्कूल का मूल भवन वर्ष 2023 की बाढ़ में क्षतिग्रस्त होने के बाद से किराए के टीन शेड वाले भवन में विद्यालय संचालित किया जा रहा है।
प्रधान पाठक ने दिया सफाई का तर्क
विद्यालय के प्रधान पाठक विजय पाटीदार का कहना है कि प्रधानमंत्री भी स्वच्छता का संदेश देते हैं। प्राथमिक विद्यालयों में चपरासी की व्यवस्था नहीं होती, ऐसे में सफाई का काम शिक्षक करें या बच्चे। हालांकि, बच्चों से सफाई और पानी भरवाने के मामले ने विद्यालय की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
टीन शेड में पढ़ने को मजबूर विद्यार्थी
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2023 की बाढ़ में विद्यालय का मूल भवन टूट गया था। इसके बाद से स्कूल किराए के टीन शेड वाले भवन में संचालित हो रहा है। गर्मी के दौरान बच्चों को खुले मैदान में बैठाकर पढ़ाना पड़ता है। भवन मालिक के मुताबिक, वह स्कूल से किराया नहीं ले रहे हैं और बिजली का बिल भी स्वयं भर रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताईं समस्याएं
ग्रामीण निकेश चौहान, मुकेश चौहान, गगन डावर और चंदन सेन ने विद्यालय परिसर में गंदगी और शौचालय की बदहाल स्थिति को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण और बुनियादी सुविधाएं मिलनी चाहिए।
अधिकारियों तक शिकायत, अब निरीक्षण की बात
प्रधान पाठक विजय पाटीदार ने बताया कि उन्होंने बीआरसी, कलेक्टर, विधायक और सांसद तक को लिखित में समस्याओं से अवगत कराया है, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ।
वहीं, डीपीसी आनंद डावर ने बच्चों से इस तरह काम करवाने को अनुचित बताते हुए कहा कि स्कूल को आवश्यक कार्यों के लिए फंड मिलता है। उन्होंने विद्यालय का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है।
अब सवाल यह है कि बच्चों को पढ़ाई के लिए उचित माहौल कब मिलेगा और विद्यालय भवन सहित अन्य समस्याओं का समाधान कब होगा।