नीमच। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत नीमच पुलिस द्वारा विभिन्न रचनात्मक, जनहितैषी और स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में 10 अक्टूबर को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय योग सत्र आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत और तनावमुक्त रहने के लिए प्रेरित करना रहा।
योग और प्राणायाम से तनाव प्रबंधन का संदेश-
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित योग सत्र में योग गुरु पुखराज साहू ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योग के महत्व, नियमित अभ्यास और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जानकारी दी। उन्होंने योग एवं प्राणायाम को दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
योग शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मानसिक शांति, एकाग्रता, आत्मानुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी सहायक है। पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, अपराधों की विवेचना, जनशिकायतों के निराकरण और विभिन्न परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई जैसे महत्वपूर्ण दायित्व निभाने होते हैं। ऐसे में शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन उनकी कार्यक्षमता के लिए विशेष महत्व रखते हैं।
सेवा संकल्प अभियान के तहत हो रही विभिन्न गतिविधियां-
नीमच पुलिस द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही पुलिस परिसरों में स्वच्छता अभियान, पुलिस परिवारों के लिए स्वास्थ्य शिविर तथा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
इन गतिविधियों का उद्देश्य पुलिस बल के कल्याण के साथ सेवा, संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना है। पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और कल्याण पर ध्यान देना उनकी कार्यक्षमता बनाए रखने तथा आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने लिया भाग-
योग सत्र में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, एसडीओपी जावद हर्ष राठौर, प्रशिक्षु डीएसपी दिव्या चंद्रवंशी, उप पुलिस अधीक्षक महिला प्रकोष्ठ पार्वती गौड़, रक्षित निरीक्षक अजय सिंह, यातायात थाना प्रभारी मलखान सिंह, रक्षित निरीक्षक सुरेश सिसोदिया, नीमच कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ सिंह, नीमच सिटी थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सागरिया और जीरन थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव सहित जिला मुख्यालय के बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।