भोपाल/रतलाम। देशभर में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत 1000 स्टेशनों को नए सिरे विकसित किया जाएगा। इसके लिए स्टेशन की आवश्यकताओं व संरक्षण के अनुसार मास्टर प्लान बनाकर योजनाबद्ध काम होगा। रतलाम मंडल में रतलाम सहित 16 स्टेशनों का चयन योजना में किया गया है। रेलवे में गतिशक्ति विभाग इसकी मानीटरिंग कर रहा है।
रेल मंत्रालय ने बड़े रेलवे स्टेशनों के विकास के बाद मध्यम व छोटे स्टेशनों को भी आधुनिक सुविधाओं के मान से बेहतर करने पर ध्यान दिया है। इसके चलते ऐसे स्टेशनों को चिह्नित कर कवर किया जा रहा है। दिसंबर 2022 में रेल मंत्रालय से योजना लागू होने के बाद सभी मंडलों में मास्टर प्लान बनाने के लिए कंसल्टेंट नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
रतलाम मंडल में यह स्टेशन शामिल-
रतलाम, देवास, नागदा, नीमच, मंदसौर, बेरछा, अकोदिया, खाचरौद, मक्सी, मेघनगर, शुजालपुर, सीहोर, लक्ष्मीबाई नगर, लीमखेड़ा, चंदेरिया, दाहोद।