शाजापुर। मप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर द्वारा प्रेषित कार्ययोजना वित्तीय वर्ष 2023-24 के पालन में राष्ट्रीय वित्तीय साक्षरता जागरूकता अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सभागृह में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष ललित किशोर की अध्यक्षता में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश ललित किशोर एवं जिला स्थापना के समस्त न्यायाधीशगण, अग्रणी बैंक प्रबंधक ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। ए.डी.आर भवन के सभागृह में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद न्यायिक कर्मचारीगण को संबोधित करते हुए कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ललित किशोर ने सभी को सर्तक रहने का संदेश देते हुए बताया कि हमेशा अधिकृत संस्थाओं से ही ऋण लें तथा जिम्मेदार बनें अर्थात जब भी कोई व्यक्ति ऋण लें तो अपनी देय मासिक किस्त और देय राशि का भुगतान समय से करें, ताकि सिबिल स्कोर खराब न हो एवं आगे कभी भी बैंक से ऋण लेने में उन्हें कठिनाई का सामना ना करना पड़े।
इसी परिप्रेक्ष्य में न्यायिक कर्मचारीगण को संबोधित करते हुए प्रशिक्षक के रूप में अग्रणी बैंक प्रबंधक ललित आचार्य ने मनी ड्राफ्ट, कैशलेस, जन-धन योजना, बीमा योजना आदि बातों की विस्तृत रूप से जानकारी देते हुए बताया कि मौजूदा समय बैंक खातों से छेड़छाड़ करते हुए अक्सर खाता से पैसा उड़ा लिए जाने के मामले सामने आ रहे हैं। दरअसल उपभोक्ताओं को सही जानकारी नहीं रहने के अभाव में ऐसे जालसाज उसका फायदा उठा रहे हैं। मौके पर बचाव के तरीकों की जानकारी देते उन्हें बताया गया कि यदि उपभोक्ता को बचने के तरीकों की बेहतर जानकारी हो तो उनके साथ कोई धोखाधड़ी नहीं कर सकता। इस दौरान मुकेश गेहलोत ने उपस्थित लोगों को इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक में चल रही बचत योजना जैसे बचत खाता, करंट एकाउंट, दूसरे बैंक खातों से आइपीएस के माध्यम से पैसों की निकासी, पेंशनर के लिए जीवन प्रमाण पत्र बनाना आदि के अलावा बीमा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान करीब पचास से अधिक न्यायालयीन कर्मचारीगण ने वित्तीय साक्षरता के लिए आयोजित शिविर में भाग लेकर आयोजित कार्यक्रम से लाभ उठाया।
--
वॉइस ऑफ़ एमपी की मुहीम- बेज़ुबान पक्षियों के लिए दान करें सकोरे या फिर अपने मकान की छत पर रखे सकोरे, भीषण गर्मी में सुने इनकी फ़रियाद।