मंदसौर। जिला अस्पताल में भर्ती एक मरीज के साथ कथित मारपीट और उसकी मां से अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें अस्पताल परिसर में विवाद और हाथापाई के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। मामले की शिकायत सिटी कोतवाली थाने में की गई है, जहां पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार नरसिंह पिता चैनराम राठौर सोमवार शाम से तबीयत खराब होने के कारण जिला अस्पताल में भर्ती थे। मंगलवार को उनकी माता पानीबाई घर से भोजन लेकर अस्पताल पहुंचीं। आरोप है कि अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया, जिससे विवाद की स्थिति बन गई।
पानीबाई ने अपने बेटे की पत्नी सीताबाई को फोन कर मौके पर बुलाया। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों और परिजनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। विवाद की सूचना मिलने पर भर्ती मरीज नरसिंह भी वार्ड से निकलकर अस्पताल के मुख्य गेट पर पहुंच गया।
इसी दौरान अस्पताल की महिला सुरक्षा सुपरवाइजर प्राची भी मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि विवाद के दौरान मरीज नरसिंह के साथ मारपीट की गई। वायरल सीसीटीवी फुटेज में महिला सुरक्षा सुपरवाइजर और मरीज के बीच हाथापाई होती दिखाई दे रही है, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।
पीड़ित नरसिंह का आरोप है कि जब वह अपनी मां को अस्पताल में प्रवेश नहीं दिए जाने का वीडियो मोबाइल से बनाने लगा तो उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और बाद में मारपीट की गई। वहीं उसकी मां पानीबाई ने भी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद मामला सिटी कोतवाली थाने पहुंचा। उपनिरीक्षक संदीप मौर्य ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं तथा सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उधर, आरोपों के संबंध में महिला सुरक्षा सुपरवाइजर प्राची से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।