चित्तौड़गढ़। बिजयपुर थाना पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कार्रवाई करते हुए 462 किलो से अधिक अवैध अफीम डोडाचूरा तस्करी के मामले में पिछले दो वर्षों से फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज के निर्देशानुसार मादक पदार्थ तस्करों और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बिजयपुर थाना पुलिस ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार 19 जनवरी 2024 को कोटड़ी गांव के पास नाकाबंदी के दौरान 462 किलो 430 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त किया गया था। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि एक आरोपी फरार चल रहा था।
पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए प्रकरण में जब्त डोडाचूरा उपलब्ध कराने वाले वांछित आरोपी दिलखुश धाकड़ (30) निवासी चरछा थाना बेगूं, हाल निवासी श्रीपुरा (छोटीघाटी), थाना रतनगढ़, जिला नीमच (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम अथवा नारको टिप हेल्पलाइन पर सूचना दें।