शिवपुरी। कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान पिछोर निवासी भगवती केवट ने भावुक होकर कलेक्टर को आवेदन सौंपते हुए गंभीर आरोप लगाए।
आवेदन में महिला ने आरोप लगाया कि उनके पुत्र को लोन दिलाने के नाम पर देवेंद्र यादव ने चेकबुक और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने पास रख लिए थे, जिन्हें अब तक वापस नहीं किया गया है।
पीड़िता के अनुसार, देवेंद्र यादव ने ऋण प्रक्रिया पूरी कराने का आश्वासन देते हुए चेकबुक और जरूरी कागजात ले लिए थे। बाद में राशि का लेन-देन पूरा होने और न्यायालय में राजीनामा हो जाने के बावजूद भी चेकबुक वापस नहीं की गई।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि अब उन्हीं चेकों का दुरुपयोग कर अलग-अलग लोगों के माध्यम से कानूनी नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिससे परिवार मानसिक रूप से परेशान है।
आवेदन में बताया गया है कि पूर्व में न्यायालय में हुए समझौते के दौरान संबंधित व्यक्ति ने यह स्वीकार किया था कि अब कोई राशि शेष नहीं है और आगे कोई चेक प्रस्तुत नहीं किया जाएगा। इसके बावजूद नोटिस भेजे जाने से विवाद फिर बढ़ गया है।
भगवती केवट ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर चेकबुक वापस दिलाने तथा संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।