नीमच। आज नीमच कलेक्टर दिनेश जैन जिला अस्पताल औचक निरीक्षण पर पहुंचे। उन्होंने यहां पर डायलिसिस यूनिट और आरओ प्लांट का गहन जायजा लिया। डायलिसिस सेंटर की व्यवस्थाओं को खास तौर पर देखा। वहां मौजूद चिकित्सक और स्टाफ से चर्चा कर सारी बातों की विस्तार से जानकारी ली। आवश्यक सुझाव और निर्देश दिए। कलेक्टर दिनेश जैन ने यहां मरीजों से भी चर्चा कर सुविधाओं की जानकारी ली। नीमच में डायलिसिस यूनिट का संचालन मानव सेवा समिति की ओर से किया जाता है। उल्लेखनीय है कि डायलिसिस यूनिट में 12 मशीनों के माध्यम से करीब 500 मरीजों का डायलिसिस किया जाता है।
कलेक्टर दिनेश जैन ने कहा कि समिति का कार्य काफी सराहनीय है। यहां मरीजों और उनके साथ आने वाले परिजनों की संख्या को देखते हुए जगह की थोड़ी परेशानी दिखाई देती है। इस संबंध में कोशिश कर समाधान किया जाएगा। नेशनल डायलिसिस प्रोग्राम से भी जोड़ने की कोशिश की जाएगी। आपने आरओ प्लांट को भी देखा। कलेक्टर जैन अन्नपूर्णा न्यास द्वारा संचालित आहार केंद्र के भोजन रथ पर भी रुके। यहां अन्नपूर्णा न्यास के सेवाभावी सदस्यों ने आहार केंद्र और अन्य प्रकल्पों की गतिविधियों से जिलाधीश दिनेश जैन को अवगत कराया।
कलेक्टर दिनेश जैन ने अन्नपूर्णा आहार केंद्र पर भोजन का स्वाद भी लिया और अन्नपूर्णा सेवा न्यास के प्रकल्प की तारीफ भी की। अपने हाथों से आहार केंद्र पर भोजन की थाली भी वितरित की। निरीक्षण और अन्नपूर्णा केंद्र पर सिविल सर्जन डॉक्टर ए के मिश्रा, डॉ मनीष यादव, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राकेश पप्पू जैन, रोटेरियन पुरुषोत्तम गुप्ता, प्रकाश मंडवारिया, वीरेंद्र जायसवाल और जिला अस्पताल का स्टाफ, रोटरी क्लब व अन्नपूर्णा न्यास के सदस्य मौजूद रहे।