सिंगोली । स्थानीय पुलिस ने गुरुवार को सड़क सुरक्षा अभियान के तहत शासकीय महाविद्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को जागरूक किया।
इस बाबत जानकारी देते प्रोफेसर जावेद हुसैन कुरेशी ने बताया कि युवाओं में बढ़ती दुर्घटनाओं को रोकने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा शुरू किए गए सड़क सुरक्षा अभियान के तहत सिंगोली पुलिस ने गुरुवार को कस्बा स्थित शासकीय वीरेंद्र कुमार सखलेचा महाविद्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित रहे सहायक उप निरीक्षक शिवराज सिंह खींची ने सड़क सुरक्षा नियम, हेलमेट का महत्व बताते हुए 18 वर्ष पूर्ण कर चुके विद्यार्थियों के ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने एवं लाइसेंस के लाभ के बारे में जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।
इस मौके पर प्रधान आरक्षक रामपंगतसिंह और आरक्षक प्रह्लाद सिंह सहित महाविद्यालय में पदस्थ प्रोफेसर डॉ भरतलाल चौहान, विजय कुमार टांक और विद्यार्थी उपस्थित थे।