आगर मालवा। पशुओं को गर्मी से बचाव के लिए रखी जाने वाली सावधानियों के लिए जन-जागृति कार्यक्रमो के माध्यम से गौपालक एवं पशुपालकों को जागरूक करें, यह निर्देश कलेक्टर कैलाश वानखेड़े ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पशुपालन विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान दिए। कलेक्टर ने कहा कि पशु चिकित्सक फील्ड में सतत भ्रमण कर पशुओं को गर्मी से बचाव हेतु पशुपालकों को जागरूक करें। जिले के गौशालाओं में गर्मी के दिनों में पशुओं के लिए पर्याप्त छांव एवं पेयजल की व्यवस्था रखी जाए। कलेक्टर ने बैठक में पशु औषधालय, कृत्रिम गर्भाधान केंद्र, पशु संगणना, टीकाकरण इत्यादि की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने उप संचालक पशुपालन को निर्देशित किया कि पशु पालकों के लिए केंद्र, राज्य सरकार एवं नाबार्ड द्वारा संचालित अनुदान वाली योजनाओं का मैदानी अमले के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे की पशुपालक योजनाओं का लाभ ले सके। उन्होंने निर्देश दिये कि बकरी पालन, कुक्कुट पालन इत्यादि योजनाओं में हितग्राहियो से आवेदन करवाये एवं पात्र हितग्राहियो को लाभान्वित करवाये। अधिकाधिक व्यक्तियों के कुक्कुट पालन, भेड, बकरी पालन के प्रकरण तैयार कर बैंको से स्वीकृत करवाये। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिले के कृषकों को खेती के साथ-साथ पशुपालन भी अपनाने के लिए प्रेरित करें, जिससे कि पशुपालन से उन्हें अतिरिक्त आय हो।उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में स्थित अशासकीय, स्वयं सेवी संस्थाओं द्वारा संचालित गौ शालाओ का निर्धारित रोस्टर अनुसार निरीक्षण कर जानकारी संधारित करे। पशु रोग के लिए सभी औषधियां, उपचार की व्यवस्था रखें। बैठक में उप संचालक पशुपालन डॉ त्रिवेदी सहित पशु चिकित्सक एवं विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
--
वॉइस ऑफ़ एमपी की मुहीम- बेज़ुबान पक्षियों के लिए दान करें सकोरे या फिर अपने मकान की छत पर रखे सकोरे, भीषण गर्मी में सुने इनकी फ़रियाद।