इन्दौर। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डॉ. इलैयाराजा टी द्वारा इंदौर जिले में बारों में की जा रही अनियमितताओं की जांच हेतु राजस्व, आबकारी और अन्य विभाग के संयुक्त दल गठित कर विभिन्न पब एवं बारों का सघन निरीक्षण कराया जा रहा है। दल को सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ बार देर रात तक संचालित किए जा रहे हैं। इसके लिए दो दल बनाये गए तथा दो रेस्तरां बार मेसर्स हेड एंड टेल्स (प्लेबाय) विजय नगर एवं मेसर्स ए.बी.एस. फूड्स, (विडोरा) पलासिया पर जांच हेतु भेजे गए दलों द्वारा निरीक्षण करने पर विडोरा बार बंद होने के निर्धारित समय रात्रि 12 बजे पश्चात रात्रि 1 बजे तक संचालन होना पाया गया तथा प्लेबॉय बार निर्धारित समय रात्रि 12 के पश्चात रात्रि 2 बजे तक संचालित होना पाया। जिस पर संबंधित वृत प्रभारी द्वारा प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। सहायक आबकारी आयुक्त मनीष खरे द्वारा प्रकरण के संबंध में कलेक्टर को अवगत करवाया गया। कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने इस कृत्य को गंभीर अनियमितता की श्रेणी में आने से दोनों बारो के लाइसेंस को 07 दिवस के लिये यथा दिनांक 1 मई से 7 मई 2023 तक के लिये निलंबित कर दिया है। इस अवधि में उपरोक्त बार बंद कर मदिरा विक्रय को प्रतिबंधित किया जाना आदेशित किया गया है।
जिला प्रशासन एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम की लगातार विजय नगर, पलासिया एवं बायपास पर स्थित बारों में निरीक्षण जारी रहेगी एवं बारों में पायी गयी शिकायतों पर विधिवत कार्यवाही जारी रहेगी। निरीक्षण के दौरान बार संचालको को सख्त निर्देश दिया गया है कि बार बंद होने के निर्धारित समय की अवधि का उल्लघंन न करें। किसी भी प्रकार के ड्रग आदि से संबंधित गतिविधियॉ या इससे संलिप्त व्यक्तियों को बार परिसर में प्रवेश नहीं देवें। जिला प्रशासन द्वारा यह भी सख्त हिदायत दी गई है कि कोई भी अल्प व्यस्कों (माइनर) का प्रवेश बार परिसर में वर्जित किया जाये। सहायक आयुक्त आबकारी मनीष खरे द्वारा विभिन्न बारों में सघन निरीक्षण हेतु पृथक से भी टीम का गठन किया गया है जो सतत रूप से बारों पर निगरानी रखे हुए है।
--
वॉइस ऑफ़ एमपी की मुहीम- बेज़ुबान पक्षियों के लिए दान करें सकोरे या फिर अपने मकान की छत पर रखे सकोरे, भीषण गर्मी में सुने इनकी फ़रियाद।