चित्तौड़गढ़। जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन सुदर्शन चक्र-02 के तहत बस्सी थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पिछले छह वर्षों से फरार चल रहे एक स्थाई वारंटी को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज, उदयपुर गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा एवं पुलिस उपाधीक्षक (ग्रामीण) दिनेश सुखवाल के पर्यवेक्षण में बस्सी थाना पुलिस ने कार्रवाई की।
मंगलवार को थानाधिकारी चम्पाराम के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने छह वर्षों से फरार चल रहे स्थाई वारंटी राजू पुत्र शंकरलाल सेन, निवासी पालका, थाना बस्सी, जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस टीम द्वारा लगातार निगरानी और मुखबिर तंत्र की सहायता से उसकी लोकेशन का पता लगाकर उसे दबोच लिया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका-
इस कार्रवाई में थानाधिकारी चम्पाराम, नन्दकिशोर एवं विजेश की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन सुदर्शन चक्र-02 के तहत जिलेभर में वांछित अपराधियों, स्थाई वारंटियों और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।