छिंदवाड़ा। चांदा थाना परिसर मंगलवार देर रात उस समय राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल का केंद्र बन गया, जब भाजपा जिला उपाध्यक्ष नीरज उर्फ बंटी पटेल समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए।
मामला खनिज विभाग की कार्रवाई से जुड़ा है, जिस पर किसानों को रात में परेशान करने और मनमानी करने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार खनिज विभाग की टीम ने एक किसान के घर के पीछे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। आरोप है कि कार्रवाई देर रात की गई, जब किसान परिवार सो रहा था।
इस घटना के बाद ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग चाँद थाने पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया।
धरने पर बैठे भाजपा जिला उपाध्यक्ष नीरज (बंटी) पटेल ने खनिज विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग बिना उचित जांच और सूचना के किसानों पर कार्रवाई कर रहा है। उनका कहना था कि ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय इस तरह की कार्रवाई से किसानों में भय का माहौल बन रहा है।
विवाद का केंद्र बनी ट्रैक्टर-ट्रॉली को फिलहाल चाँद थाने में खड़ा कराया गया है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और किसानों के साथ कथित तौर पर किए गए दुर्व्यवहार पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो।
धरने और बढ़ती भीड़ को देखते हुए थाना परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच चर्चा का दौर चलता रहा। हालांकि खबर लिखे जाने तक मामले का कोई अंतिम समाधान सामने नहीं आ सका था।