शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में भीषण गर्मी और जल संकट के बीच ब्यौहारी नगर परिषद की बड़ी लापरवाही सामने आई है। वार्ड क्रमांक 15 में मुख्य वाटर सप्लाई पाइप लाइन फट जाने से हजारों लीटर पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है। पाइप लाइन फटने से कई वार्डों में पानी सप्लाई बंद हो गई है, जबकि सड़क पर बह रहे पानी में लोग गाड़ियों की धुलाई करते नजर आ रहे हैं। एक ओर लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं, तो दूसरी ओर नगर परिषद की अनदेखी से पानी यूं ही बर्बाद हो रहा है। जल संकट के इस दौर में जहां सरकार पानी बचाने का संदेश दे रही है, वहीं ब्यौहारी नगर परिषद की लापरवाही सवालों के घेरे में है। हजारों लीटर पानी सड़क पर बहता रहा, लेकिन जिम्मेदारों की नींद नहीं टूटी।
मामला ब्यौहारी नगर परिषद अंतर्गत वार्ड क्रमांक 15 का है, जहां मुख्य वाटर सप्लाई पाइप लाइन फट जाने से इलाके में पानी की भारी बर्बादी हो रही है। जानकारी के अनुसार पाइप लाइन फटने के बाद तेज रफ्तार से पानी सड़क पर बहने लगा, जिससे नगर परिषद के कई वार्डों में जल सप्लाई पूरी तरह बाधित हो गई। पानी सप्लाई बंद होने से लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि क्षेत्र में पहले से ही पानी की समस्या बनी हुई है, ऐसे में नगर परिषद की लापरवाही ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।
सड़क पर बह रहे पानी का लोग अलग-अलग तरीके से उपयोग करते नजर आए, कोई अपनी बाइक धोता दिखा तो कोई कार व अन्य वाहन साफ करता दिखाई दिया। वहीं दूसरी ओर कई घरों में पानी नहीं पहुंचने से लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पाइप लाइन काफी समय से कमजोर और क्षतिग्रस्त थी, जिसकी शिकायत कई बार नगर परिषद को दी गई थी, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई। नतीजतन पाइप लाइन फट गई और हजारों लीटर पानी बर्बाद हो गया,गौरतलब है कि जिले के कई ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आज भी लोग पानी के संकट से जूझ रहे हैं। ऐसे समय में नगर परिषद की लापरवाही लोगों के गुस्से का कारण बन रही है।