उज्जैन। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह के निर्देशानुसार शासकीय सेवकों के स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कलेक्टर कार्यालय परिसर में दो दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान 8 जून को 88 तथा 9 जून को 51 अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल ने बताया कि शिविर में मधुमेह (डायबिटीज), उच्च रक्तचाप (हाईपरटेंशन), एनीमिया सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांचें की गईं। इस प्रकार की जांचों से गैर-संचारी रोगों की समय रहते पहचान और उपचार संभव हो सकेगा।
शिविर में चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा बीपी मशीन, ग्लूकोमीटर, वजन मशीन तथा माप टेप सहित विभिन्न उपकरणों की सहायता से स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इस अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष राजेन्द्र झालानी, सचिव अनुराग जैन, नोडल अधिकारी एवं अपर कलेक्टर शाश्वत शर्मा तथा जिला शहरी विकास अभिकरण के अरुण शर्मा उपस्थित रहे।
शिविर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य जांच कराई और स्वास्थ्य जागरूकता का परिचय दिया।