देवास। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन (PMFME) योजना ने देवास जिले के विकासखंड देवास अंतर्गत ग्राम क्षिप्रासुकल्या निवासी विकास पटेल के डेयरी व्यवसाय को नई पहचान दी है। पहले सीमित संसाधनों के साथ छोटे स्तर पर डेयरी संचालन करने वाले विकास पटेल आज एक सफल उद्यमी के रूप में स्थापित हो चुके हैं।
व्यवसाय विस्तार की इच्छा रखने वाले विकास पटेल ने पीएमएफएमई योजना के तहत आवेदन किया। उनकी परियोजना स्वीकृत होने पर बैंक द्वारा 30 लाख रुपये का ऋण प्रदान किया गया। साथ ही योजना के अंतर्गत उन्हें 10 लाख रुपये का अनुदान भी प्राप्त हुआ।
योजना का लाभ मिलने के बाद उन्होंने डेयरी में आधुनिक मशीनरी और आवश्यक सुविधाएं विकसित कीं। इससे उत्पादन क्षमता में लगभग पांच गुना वृद्धि हुई। वर्तमान में उनकी इकाई में दूध के साथ-साथ दही, पनीर, मावा, घी तथा विभिन्न प्रकार की मिठाइयों का उत्पादन किया जा रहा है।
व्यवसाय के विस्तार से विकास पटेल को प्रतिमाह लगभग 1.20 लाख रुपये की शुद्ध आय प्राप्त हो रही है। इससे उनका जीवन स्तर बेहतर हुआ है और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बने हैं।
विकास पटेल का यह उद्यम स्थानीय रोजगार का भी माध्यम बना है। उनकी डेयरी इकाई में वर्तमान में 7 लोगों को रोजगार मिला हुआ है, जिससे कई परिवारों की आजीविका संचालित हो रही है।
विकास पटेल ने इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जनकल्याणकारी योजनाओं को देते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया है। पीएमएफएमई योजना आज ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने और रोजगार सृजन का प्रभावी माध्यम बन रही है।