जावरा। लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रतलाम जिले के जावरा स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कमला नेहरू के संकुल केंद्र में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 (बाबू) अनिल वर्मा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार यादव के निर्देशन में 9 जून को की गई ट्रैप कार्रवाई में आरोपी को सेवानिवृत्त शिक्षक लक्ष्मीनारायण लोट से रिश्वत लेते पकड़ा गया। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसके सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र एवं पीपीओ जारी कराने के एवज में आरोपी द्वारा 10 हजार रुपये की मांग की जा रही थी।
लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की। रिश्वत की राशि लेते ही आरोपी ने पैसे अपनी टेबल की दराज के ऊपर रखे रजिस्टर के नीचे छिपा दिए, जहां से टीम ने रकम बरामद कर ली।
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल, निरीक्षक हीना डावर सहित लोकायुक्त की टीम शामिल रही। लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करे तो इसकी सूचना तत्काल लोकायुक्त कार्यालय को दें।