मुरैना। जिले में चंबल बीहड़ सफारी की विधिवत शुरुआत 7 मई से की जा रही है। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसका उद्देश्य चंबल की छवि को निखारकर पर्यटन के क्षितिज पर लाना है। वहीं दूसरी तरफ टूरिज्म को बढ़ावा देना है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सके और जिले की प्रसिद्धि में इजाफा हो सके। यह बात पत्रकारों से चर्चा में कलेक्टर अंकित अस्थाना ने बताई। इस मौके पर उनके साथ जिला पंचायत सीईओ इच्छित गढ़पाले, जिला आबकारी अधिकारी निधि जैन व प्रोजेक्ट इंचार्ज कृष्णा सुन्दरिया मुख्य रुप से मौजूद थे।
कलेक्टर अस्थाना ने बताया कि बीहड़ के सबलगढ़ झुण्डपुरा क्षेत्र के कड़ावना में 10 किलोमीटर के हिस्से को इस योजना के लिए चुना गया है। इसके लिए पर्यटकों को सबसे पहले पर्यटन विभाग के पोर्टल पर जाकर सफारी घूमने के लिए बुकिंग करना होगी। जिस टिकट से बुकिंग की जाएगी उसमें लंच की राशि समाहित होगी।
चंबल सफारी के लिए सबलगढ़ झुण्डपुरा के 10 किलोमीटर का क्षेत्र का चयन किया गया है। इस दौरान जगह-जगह सेल्फी प्वाइंट होंगे जिनमें सूर्य उदय से लेकर सूर्य अस्त तक के मनोहारी दृश्य शामिल हैं। इसके अलावा जगह-जगह ग्रामीण बागियों व ठेठ देहातियों के रुप में नजर आएंगे। यह कलाकार होंगे जिन्हें सजाया जाएगा। सजने के लिए इनको प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा चंबल की बीहड़ सफारी के लिए 7 मई से लेकर 15 मई तक ट्रायल लिया जाएगा। इस दौरान देखा जाएगा कि यह प्रोजेक्ट कितना कारगर रहेगा तथा कितने लोगों ने इसके लिए बुकिंग कराई है। इसके बाद इसमें जरूरत के अनुसार संशोधन किए जाएंगे। वहीं चंबल सफारी के लिए आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पुलिस की व्यवस्था की जाएगी तथा पुलिस उनके साथ हर समय मौजूद रहेगी। इस दौरान ट्रेक्टर द्वारा पैरासीलिंग भी कराई जाएगी।