नीमच। शहर में बीती रात झमाझम बारिश हुई। रात करीब 11 बजे शुरू हुई यह बारिश करीब एक घंटे तक जारी रही। इससे रात्रि में मौसम ठंडा हो गया। आज शनिवार को भी आसमान में कुछ-कुछ अंतराल में बादलों की जमावट देखी जा रही है। लेकिन सूरज के तीखे तेवरों से नागरिकों को तेज गर्मी व उमस का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मौसम विभाग ने आज फिर एमपी के 13 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि बंगाल की खाड़ी, नॉर्थ आंध्र प्रदेश, साउथ ओडिशा पोस्ट पर सिस्टम एक्टिव हैं। इसका असर मध्यप्रदेश में देखने को मिल रहा है। साउथ छत्तीसगढ़ में साइक्लोनिक सर्कुलेशन है। एक मानसून ट्रफ लाइन कोटा, रायसेन, सिवनी, रायपुर, ओडिशा होते हुए गुजर रही है। पूर्वी-पश्चिमी हवाएं भी आपस में मिल रही हैं। इस कारण दक्षिण मध्यप्रदेश से लगे इलाकों में जोरदार बारिश हो रही है। आज मध्यप्रदेश के 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है।
इन जिलों के लिए जारी की चेतावनी-
मौसम विभाग ने आज मध्यप्रदेश के 13 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। एमपी के सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खरगोन, इंदौर, रतलाम, उज्जैन और आगर-मालवा में अति भारी बारिश होगी। वहीं भोपाल, रायसेन, राजगढ़ और छिंदवाड़ा में भारी बारिश की चेतावनी है। इसके अलावा विदिशा, बुरहानपुर, खंडवा, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, देवास, शाजापुर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्की बारिश का अनुमान है।