नीमच। समय के साथ नई-नई टेक्नॉलाजी तेजी से आ रही है। दैनिक जीवन में नई टेक्नॉलाजी का उपयोग भी तेजी से बढ रहा है। ऐसे में सभी विद्यार्थी अपने ज्ञान को टेक्नॉलाजी के अनुरूप अर्जित कर, आगे बढे और अपने लक्ष्य को प्राप्त कर, आत्मनिर्भर बने। यह बात प्रदेश के सूक्ष्म लघु मध्यम उद्यम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने जावद क्षेत्र के सरवानिया महाराज में शनिवार को स्कूली छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों एवं पालकों से संवाद करते हुए कही। इस मौके पर श्याम काबरा, न.प.अध्यक्ष रूपेन्द्र जैन, अर्जुन माली, सुखलाल सेन व अन्य जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन एवं बडी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थी।
मंत्री सखलेचा ने छात्र-छात्राओं से जावद क्षेत्र के 31 विद्यालयों में हाल ही में प्रारंभ की गई आर्टिफिशियल इंटीलिजेंस , एनीमेशन एवं इंग्लिश स्पीकिंग के अध्यापन की आनलाईन कक्षाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए छात्र-छात्राओं को इन कक्षाओं के माध्यम से हो रहे लाभ के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने आर्टिफिशियल इंटीलिजेंस, एनीमेशन व इंग्लिश स्पीकिंग की ऑनलाईन कक्षाओं को ज्ञानवर्धक व काफी उपयोगी बताया। छात्राओं ने मंत्री सखलेचा से अंग्रेजी में वार्तालाप व संवाद भी किया।
इस मौके पर मंत्री सखलेचा ने सरवानिया महाराज के प्राचार्य को निर्देश दिए कि जितने भी विद्यार्थी ऑनलाईन कक्षा के माध्यम से एआई एनीमेशन व इंग्लिश स्पीकिंग का अध्यापन करना चाहते है, उन सभी को अध्ययन का अवसर प्रदान किया जावे।
मंत्री सखलेचा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि जावद क्षेत्र के विद्यार्थियों को 2000 टेबलेट व लेपटॉप प्रदान किय जावेंगे। जिससे कि जावद क्षेत्र के विद्यार्थी टेक्नॉलाजी में किसी भी अन्य क्षेत्र के विद्यार्थी से पीछे ना रहे। प्रारंभ में मंत्री सखलेचा ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का का शुभारंभ किया। तदपश्चात शिक्षकों व विद्यार्थियों ने अतिथियों का स्वागत किया।