खरगोन। जागृत आदिवासी दलित संगठन नेत्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता माधुरी बेन को जंगल की अवैध कटाई मामले में बुराहनपुर कलेक्टर ने एक साल के लिए जिलाबदर कर दिया है। इस कार्रवाई को लेकर शुक्रवार को मुख्यालय पर संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों ने प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया। यहां करीब 2 घंटे चले प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई को निरस्त करने एवं दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की।
दोपहर करीब 3 बजे रैली के रुप में पहुंचे संगठन पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय के प्रवेश द्वार पर धरना प्रदर्शन किया। संगठन के बलीराम सोलंकी, शिवराम कनासे, भिकला सोलंकी, जगदीश सोलंकी, भंग्गी डूडवे, सुभाष डुडवे आदि पदाधिकारियों का कहना है कि माधुरी बेन संगठन के माध्यम से जंगल बचाने का प्रयास कर रही थी, उन्होंने ही शासन. प्रशासन को कई बार जंगलों के अवैध कटाई की सूचना दी और उन्हें ही आरोपी बनाया जा रहा है। इससे आदिवासी समाज में आक्रोश है।